स्वाइन फ्लू

को हराना है

भारत में एक बार फिर H1N1 यानी स्वाइन फ्लू के मामले बढ़ने की खबरें सामने आ रही हैं. स्वास्थ्य एजेंसियां निगरानी बढ़ा रही हैं और डॉक्टर लोगों को फ्लू जैसे लक्षणों को हल्के में न लेने की सलाह दे रहे हैं. इससे डरना नहीं, हराना है. पर कैसे...

H1N1 आखिर है क्या?

H1N1 इन्फ्लूएंजा ए वायरस का एक प्रकार है, जिसे आमतौर पर स्वाइन फ्लू कहा जाता है. यह एक संक्रामक श्वसन संक्रमण है, जो संक्रमित व्यक्ति के खांसने, छींकने या उसके संपर्क में आने से फैलता है.

कितना बड़ा खतरा?

क्‍या हैं लक्षण?

✅ तेज बुखार
✅ सूखी या लगातार खांसी
✅ गले में खराश
✅ सिरदर्द
✅ गंभीर बदन और मांसपेशियों में दर्द
✅ ठंड लगना और कंपकंपी
✅ बहुत ज्यादा थकान और कमजोरी
✅ नाक बहना या बंद होना
✅ कुछ मामलों में उल्टी और दस्त

कब तुरंत अस्पताल भागना जरूरी है?

अगर ये लक्षण दिखें तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें:
🔴 सांस लेने में तकलीफ
🔴 सीने में दर्द
🔴 लगातार या बढ़ता हुआ बुखार
🔴 अत्यधिक कमजोरी
🔴 भ्रम या बेहोशी जैसा महसूस होना
🔴 लगातार बढ़ती खांसी

सबसे ज्यादा खतरा किसे?

  • 5 साल से छोटे बच्चे
  • गर्भवती महिलाएं
  • बुजुर्ग
  • अस्थमा मरीज
  • हृदय रोगी
  • कमजोर इम्यूनिटी वाले लोग

ICMR और विशेषज्ञों के अनुसार इन समूहों में जटिलताओं का खतरा अधिक हो सकता है.

कैसे फैलता है?

🔹 खांसी और छींक से

संक्रमित व्यक्ति के खांसने या छींकने पर वायरस युक्त बूंदें हवा में फैल जाती हैं.
पास मौजूद व्यक्ति इन्हें सांस के साथ अंदर ले सकता है.

🔹 संक्रमित व्यक्ति के करीब संपर्क से

हाथ मिलाने, गले मिलने या लंबे समय तक नजदीक रहने से संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है.

🔹 दूषित सतहों को छूने से

वायरस कुछ समय तक दरवाजों के हैंडल, मोबाइल, टेबल जैसी सतहों पर मौजूद रह सकता है.
इन सतहों को छूकर आंख, नाक या मुंह छूने से संक्रमण हो सकता है.

🔹 बंद और भीड़भाड़ वाली जगहों में

खराब वेंटिलेशन वाले कमरों में वायरस के सूक्ष्म कण (aerosols) हवा में बने रह सकते हैं, जिससे संक्रमण तेजी से फैल सकता है.

डरना नहीं, इलाज है

H1N1 से घबराने की जरूरत नहीं है. ज्यादातर मरीज समय पर पहचान और सही इलाज से पूरी तरह ठीक हो जाते हैं. बुखार, खांसी या सांस संबंधी लक्षण दिखने पर जल्द डॉक्टर से संपर्क करें.

एंटीवायरल दवाएं शुरुआती दिनों में ज्यादा प्रभावी होती हैं. पर्याप्त आराम, पानी और चिकित्सकीय सलाह से बीमारी को नियंत्रित किया जा सकता है.

बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए.

सावधान रहें, सेफ रहें

  1. वैक्‍सीन लगवाएं. लेकिन ध्‍यान रखें क‍ि वैक्सीन का उद्देश्य गंभीर संक्रमण और अस्पताल में भर्ती होने के जोखिम को कम करना है. हर साल वायरस बदल सकता है, इसलिए नियमित फ्लू वैक्सीन की सलाह दी जाती है.
  2. H1N1 से बचाव का सबसे अच्छा तरीका है सावधानी. खांसते या छींकते समय मुंह और नाक को ढकें, बार-बार साबुन से हाथ धोएं और भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क पहनें.
    बुखार, खांसी, गले में खराश या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण दिखें तो देर न करें और डॉक्टर से सलाह लें.
  3. पर्याप्त पानी पिएं, पौष्टिक भोजन करें और आराम करें ताकि शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत बनी रहे.
  4. गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों, छोटे बच्चों और पहले से बीमार लोगों को विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए. समय पर इलाज और सही सावधानी से H1N1 के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है.

गलत जानकारी से बचें...

MYTH : H1N1 सिर्फ सूअरों से फैलता है.
FACT : H1N1 मुख्य रूप से संक्रमित व्यक्ति के खांसने, छींकने या उसके संपर्क में आने से फैलता है. रोजमर्रा में संक्रमण का सबसे बड़ा स्रोत इंसान ही होते हैं.

MYTH : हर बुखार H1N1 होता है.
FACT : सामान्य वायरल बुखार और H1N1 के लक्षण मिलते-जुलते हो सकते हैं, लेकिन हर बुखार स्वाइन फ्लू नहीं होता. सही पहचान के लिए डॉक्टर की सलाह जरूरी है.

MYTH : H1N1 सिर्फ बच्चों को होता है
FACT : H1N1 किसी भी उम्र के व्यक्ति को संक्रमित कर सकता है. हालांकि छोटे बच्चे, बुजुर्ग, गर्भवती महिलाएं और कमजोर इम्युनिटी वाले लोग ज्यादा जोखिम में रहते हैं.

MYTH : H1N1 सिर्फ बच्चों को होता है
FACT : यह किसी भी उम्र के व्यक्ति को प्रभावित कर सकता है.

MYTH : H1N1 का कोई इलाज नहीं है.
FACT : H1N1 के लिए एंटीवायरल दवाएं उपलब्ध हैं. समय पर इलाज मिलने पर ज्यादातर मरीज पूरी तरह ठीक हो जाते हैं.

MYTH : अब H1N1 खत्म हो चुका है
FACT : H1N1 आज भी एक मौसमी फ्लू स्ट्रेन के रूप में मौजूद है.

MYTH : मास्क और हाथ धोना बेकार है.
FACT : मास्क पहनना, हाथों की सफाई और भीड़भाड़ से बचना संक्रमण का खतरा काफी हद तक कम कर सकता है.

MYTH : एक बार H1N1 हो जाए तो दोबारा नहीं होगा.
FACT : समय के साथ वायरस में बदलाव हो सकता है, इसलिए दोबारा संक्रमण की संभावना बनी रहती है.

निष्कर्ष यह है कि H1N1 को लेकर घबराने की नहीं, बल्कि जागरूक रहने की जरूरत है. सही जानकारी, समय पर इलाज और सावधानी से इस संक्रमण से प्रभावी बचाव किया जा सकता है.

सरकारी एडवाइजरी

  • स्वास्थ्य मंत्रालय और NCDC की सलाह के अनुसार H1N1 से बचाव के लिए व्यक्तिगत स्वच्छता और समय पर इलाज बेहद जरूरी है.
  • लोगों को बार-बार साबुन से हाथ धोने, खांसते-छींकते समय मुंह और नाक ढकने तथा भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क पहनने की सलाह दी जाती है.
  • बुखार, खांसी, गले में खराश या सांस लेने में दिक्कत जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें और स्वयं दवा लेने से बचें. गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों, छोटे बच्चों और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
  • स्वास्थ्य विभाग ने अफवाहों से बचने और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने को भी कहा है.

संक्रमण से जुड़ी 5 जरूरी बातें

1- H1N1 फ्लू के 3-4 दिन बाद फिर से चढ़ने लगा तेज बुखार?

फ्लू या H1N1 होने पर शुरू के तीन चार दिन काफी भारी गुजरते हैं. तेज बुखार, बदन दर्द, गले में चुभन और कमजोरी से शरीर टूट सा जाता है. ज्यादातर मामलों में 3 से 7 दिन के अंदर मरीज की तबियत सुधरने लगती है और लोग राहत की सांस लेते हैं. लेकिन अगर 3-4 दिन बाद अचानक से फिर तेज बुखार आ जाये, खांसी बढ़ जाये या सांस फूलने लगे, तो इसे मामूली कमजोरी समझने की भूल बिलकुल न करें. यह सेकेंडरी इंफेक्शन यानी फेफड़ों में बैक्टीरियल निमोनिया होने का सीधा इशारा हो सकता है.

2- फ्लू के बाद क्यों बिगड़ने लगती है हालत?

जब वायरस हमारे फेफड़ों को कमजोर कर देता है, तो बैक्टीरिया को हमला करने का मौका मिल जाता है. इसे मेडिकल भाषा में सेकेंडरी बैक्टीरियल इंफेक्शन कहते हैं. विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) भी मानता है कि फ्लू के बाद होने वाला बैक्टीरियल निमोनिया एक बड़ी जटिलता है.

3- बिना जांच खुद से एंटीबायोटिक खाने की गलती न करें

कई बार लोग बुखार लौटते ही घर में रखी एंटीबायोटिक गोलियां खाने लगते हैं, जो बहुत गलत तरीका है. एंटीबायोटिक दवाइयां वायरल फ्लू को ठीक नही करतीं. इसका इस्तेमाल सिर्फ तभी होना चाहिये जब डॉक्टर जांच, छाती का एक्स-रे या खून की रिपोर्ट देखकर बैक्टीरियल इन्फेक्शन की पुष्टी करें.

4- पैरासिटामोल भी नाकाम, अब क्‍या करें

वयस्कों के साथ-साथ बच्चे भी इस संक्रमण की चपेट में आ रहे हैं. बच्चों को जब फीवर काफी तेज जैसे- 103, 104 हो जाता है, तो ऐसी स्थिति में कई बार पैरासिटामोल जैसी दवाएं बुखार तोड़ नहीं पाती हैं. डॉक्टर का कहना है कि अगर बच्चे का फीवर नहीं उतर रहा है, तो आप उन्हें डॉक्टर की सलाह पर एसीटोसीनोफीन और ब्रूफेन दे सकते हैं.

5- एस्पिरिन देने की गलती पड़ सकती है भारी

डॉक्टर बताते हैं कि फ्लू से बुखार को तोड़ने के लिए बच्चों को एस्पिरिन बिल्कुल भी नहीं देनी चाहिए. अगर आप ऐसी गलती करते हैं, तो इससे बच्चों को रेय सिंड्रोम (Reye's Syndrome) नामक दुर्लभ लेकिन गंभीर बीमारी का खतरा है. इसका कनेक्शन एस्पिरिन के इस्तेमाल से माना जाता है. बच्चे को लगातार उल्टी, सुस्ती, चिड़चिड़ापन, भ्रम, दौरे पड़ना और गंभीर मामलों में बेहोशी जैसी समस्याएं हो सकती हैं.

H1N1 का इतिहास

H1N1 की कहानी 2026 में नहीं, 1918 में शुरू हुई थी

जब आज H1N1 के मामले बढ़ने की खबरें आती हैं, तो इसे सिर्फ एक मौसमी फ्लू समझना आसान है. लेकिन इस वायरस का अतीत कहीं ज्यादा डरावना है. 1918 में इसी वायरस से जुड़ा स्पैनिश फ्लू पूरी दुनिया में फैला था. इतिहासकार इसे मानव इतिहास की सबसे विनाशकारी महामारियों में से एक मानते हैं.

शुरुआत में इसे "स्वाइन फ्लू" कहा गया क्योंकि इसमें सूअरों, पक्षियों और इंसानों के फ्लू वायरस के जीन पाए गए थे. महामारी के बाद H1N1 पूरी तरह खत्म नहीं हुआ, बल्कि मौसमी फ्लू के रूप में दुनिया के कई देशों, जिनमें भारत भी शामिल है, में लगातार फैलता रहा. आज H1N1 को एक मौसमी श्वसन संक्रमण माना जाता है, जिसकी निगरानी और रोकथाम नियमित रूप से की जाती है.

दुनिया ने पहले भी देखा है H1N1 का कहर

H1N1 इन्फ्लूएंजा ए वायरस ने 2009 में दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींचा था. इसी साल इस वायरस से फैले संक्रमण को वैश्विक महामारी (Pandemic) घोषित किया गया था.